Tag Archives: Rajasthan

BJP राजस्थान की Former CM से टक्कर लेना चाहते हैं: CM Gehlot


जैसलमेर, 01 अगस्त: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इशारों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की तारीफ करते हुए कहा कि भाजपा में जो नये नये नेता आ रहे हैं वे राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री से टक्कर लेना चाहते हैं।

मुख्यमंत्री गहलोत ने शुक्रवार को जयपुर जाने से पहले जैसलमेर के हवाई अड्डे पर पत्रकारों से कहा कि उनमें आपस में प्रतिस्पर्धा हैं, लेकिन उनमें कोई दम नही हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पूरा केंद्रीय गृह मंत्रालय हमारी चुनी हुई सरकार को गिराने में लगा है, उन्होंने विधायकों की खरीद की दरें बढ़ा दी हैं। उन्होंने सचिन पाइलट के संबंध में कहा कि यदि पार्टी नेतृत्व उन्हें माफ करता हैं तो मैं सबको गले लगाऊंगा, मेरा कोई अहं टकराव नहीं है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि पार्टी ने बहुत कुछ दिया हैं। मैं तीन बार मुख्यमंत्री एवं तीन बार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रहा हूं। सचिन पायलट का मामला पार्टी नेतृत्व ही तय करेग। उन्होंने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अब यह तमाशा बंद करना चाहिए। भाजपा के मुंह खून लग गया हैं। पहले उन्होंने कर्नाटक में यह खेल खेला, अब यही खेल राजस्थान में भी खेलना चाहते हैं। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण हैं।

मुख्यमंत्री गहलोत ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पूरा केंद्रीय गृह मंत्रालय राजस्थान की सरकार गिराने में लगा हुआ हैं। केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, पीयूष गोयल आदि अन्य कई मंत्री इस खेल में लगे हुए हैं। उन्हें और भी कई मंत्रियों और नेताओं के नाम पते की जानकारी हैं जो छुपे रुस्तम की तरह हमारी सरकार गिराने में लगे हैं। हमें किसी की परवाह नहीं हैं। हमारी लड़ाई किसी से नही हैं। हमे सिर्फ लोकतंत्र की परवाह हैं। हम चाहते हैं कि लोकतंत्र जीवित रहे और यदि चुनी हुई सरकार को खत्म कर दिया जायेगा तो लोकतंत्र कहां बचेगा।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह द्वारा राज्य सरकार के खिलाफ लगातार किये जा रहे ट्वीट के संबंध में कहा कि गजेन्द्र सिंह शेखावत अपनी झेंप मिटा रहे हैं। जो ऑडियाे पकड़ा गया है उसमें वह बेनकाब हो चुके हैं, उसमें उनकी आवाज हैं। सरकार को गिराने के षड्यंत्र में शामिल होने की बात सामने आ रही है।

उन्होंने कोरोना के बिगड़े हालातों के संबंध में कहा कि वह इस संबंध में प्रधानमंत्री को पत्र लिख रहे हैं और उनसे आग्रह कर रहे हैं कि सभी मुख्यमंत्रियों से वीडियो क्रॉन्फ्रेन्सिग के जरिए बैठक करके देश में कोरोना के जो हालात बिगड़ रहे हैं उस संबंध में कड़े कदम उठाए।

CM Gehlot पिछले डेढ़ साल में काम करते तो आज यह नौबत नहीं आती: Vishvendra Singh


जयपुर 01 अगस्त: राजस्थान के पूर्व पर्यटन मंत्री एवं पायलट गुट के विधायक विश्वेन्द्र सिंह ने कहा है कि अगर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पिछले डेढ़ साल में प्रदेश की जनता एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के काम करते तो आज यह नौबत नहीं आती।

राज्य में चल रहे सियासी संग्राम में पायलट गुट के विधायकों के साथ प्रदेश के बाहर किसी जगह ठहरे श्री सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए यह बात कही। उन्होंने कहा “मुख्यमंत्रीजी यदि आप पिछले अठारह माह में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं, प्रदेश की जनता के काम करते जो आज आप पांच सितारा होटल में बैठकर कर रहे हो, तो ना प्रदेश की जनता विरोध करती, ना सरकार अल्पमत में होती, ना हम दिल्ली आते।”

उन्होंने कहा “हमें जनता ने चुना है, हम जनता की सुनेंगे, जनता ही हमारेलिए सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि आज जब सरकार अल्पमत में है, तब आपने पर्यटन विभाग के कर्मचारियों की समस्याओं पर ध्यान दिया, काश यह काम थोड़ा पहले कर देते गहलोतजी, तो ना यह सरकार अल्पमत में होती ना हमें दिल्ली आना पड़ता।”

विधायक विश्वेन्द्र ने कहा कि हम भी जनता के द्वारा चुने हुए जनप्रतिनिधि हैं, पिछले 18 माह से मैंने मुख्यमंत्री से मिलकर व्यक्तिगत रूप से प्रदेश के लोगों एवं मेरे विभाग की समस्याओं के बारे में बार-बार अवगत कराया लेकिन मुख्यमंत्री ने इस और कोई ध्यान नहीं दिया, आखिर क्यों।

उल्लेखनीय है कि राज्य में चल रहे सियासी संग्राम में पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित 19 कांग्रेस विधायक राज्य के बाहर कहीं ठहरे हुए हैं वहीं शेष कांग्रेस विधायकों में ज्यादात्तर विधायक एवं बसपा से कांग्रेस में आये विधायक एवं निर्दलीय विधायक सहित नब्बे से अधिक विधायक जैसलमेर के एक होटल में ठहरे हुए है।

CM Ashok Gehlot ने राज्यपाल Mishra से मुलाकात की


जयपुर, 14 जुलाई: राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र से मंगलवार को यहां राजभवन में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुलाकात की।

राज्यपाल कलराज मिश्र को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, पर्यटन मंत्री विश्वेन्द्र सिंह और खाद्य मंत्री रमेश मीणा को बर्खास्त किये जाने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

Sachin Pilot को निष्कासित करने के निर्णय आलाकमन का: CM Gehlot


जयपुर, 14 जुलाई: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सचिन पायलट और दो मंत्रियों को निष्कासित करने के निर्णय को आलाकमन का बताते हुए कहा है कि उन्हें दो बार मौका दिया गया, लेकिन वह नहीं आये।

मुख्यमंत्री गहलोत ने आज यहां पत्रकारों से कहा कि सचिन पायलट को मुझसे एतराज था तो पार्टी मंच पर आकर अपनी बात कहते, हमने उन्हें दो बार मौका दिया, लेकिन वह रोज टि्वट करते रहे। उनका यह रवैया ‘आ बैल मुझे मार वाला’ रहा। उन्होंने कहा कि हमारे साथी भाजपा के हाथों में खेल रहे हैं। वे पार्टी तोड़ने की बात करते हैं, लेकिन दो तिहाई संख्या के बिना पार्टी कैसे टूट सकती है। यह खेल भाजपा का है। भाजपा के जिन लोगों ने मध्यप्रदेश में भूमिका निभाई वही टीम अब यहां काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी का जोर चल रहा है। हमने काफी काम किया है, ऐसे वक्त में सरकार गिराने का समय दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार गिराने का प्रयास छह महीने से चल रहा था, लेकिन हम हर बार उन्हें मौका देते रहे, लेकिन वह नही माने। उन्होंने सभी विधायकों का काम किया है, चाहे वे किसी भी गुट के हों। फिर भी उन्हें शिकायत रही और वे भाजपा की खरीद फरोख्त की नीति के शिकार हो गये।

मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि हमारे कुछ विधायकों को एक रिसाॅर्ट में ठहराया गया है, लेकिन उन पर सचिन पायलट का नियंत्रण नहीं है, सारा काम भाजपा कर रही है।

Sachin Pilot को उपमुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष पद निष्कासित: Randeep Surjewala


जयपुर, 14 जुलाई: राजस्थान में कांग्रेस में चल रहे घमासान के बीच उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित खाद्यमंत्री रमेश मीणा एवं पर्यटन मंत्री विश्वेंद्र सिंह को मंत्रिमंडल एवं पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने आज इस आशय की जानकारी देते हुए बताया कि पायलट को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से भी हटा दिया गया है। उनके स्थान पर शिक्षामंत्री गोविंद डोटासरा प्रदेशाध्यक्ष होंगे।

सूत्रों ने बताया कि विधायक दल की कल और आज हुई बैठकों में पायलट के अनुपस्थित रहने के बाद यह कार्रवाई की गयी है। पायलट को बैठक में आने के लिये लिखित रूप से संदेश भेजा गया था, साथ ही उन्हें मनाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन वह नहीं माने।

सचिन पायलट ने अपने पक्ष में 30 विधायक होने का दावा करत हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को अल्पमत में बताया था। उसके बाद मुख्यमंत्री गहलोत ने एक होटल में विधायक दल की बैठक से पहले मीडिया के समक्ष 106 विधायक होने का दावा किया था।

Congress का शीर्ष नेतृत्व Sachin Pilot को मनाने में जुटा


जयपुर, 14 जुलाई: राजस्थान में सत्तारूढ कांग्रेस में चल रहे सियासी घमासान के बीच कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को मनाने में जुटा हुआ है।

कांग्रेस के पर्यवेक्षकों ने कल पायलट को लिखित में विधायक दल की बैठक में आने का न्यौता दिया था। यह बैठक यहां के एक होटल में बुलाई गयी है। सूत्रों ने बताया कि पार्टी के नेता राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी पायलट से बातचीत करके उन्हें मनाने का प्रयास कर रहे हैं, पर बताया जा रहा है कि पायलट बातचीत के मूड में नहीं हैं। यह भी प्रयास किया जा रहा हे कि पायलट को केंद्रीय संगठन में स्थान दिया जाये।

उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के गुट के विधायक दिल्ली के पास मानेसर में एक होटल में ठरे हुए हैं। पायलट ने इससे पहले इनकी संख्या 30 बताई थी, लेकिन अब वह 25 विधायकों की बात कर रहे हैं। दीपेंद्र सिंह शेखावत ने भी अब समन्वय से इन्कार करते हुए विधानसभा में बहुमत सिद्ध करने की चुनौती दी है।

उधर कांग्रेस ने बाड़ेबंदी करते हुए सभी विधायकों को एक होटल में ठहराया है। कुछ ही देर में विधायक दल की बैठक हो सकती है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कल विधायक दल की बैठक से पहले मीडिया के सामने संख्या बल का प्रदर्शन करके 109 विधायकों के पक्ष में आने का दावा किया था। कांग्रेस नेता अभी इसी आसरे पर टिके हुए हैं।

ED, CBI, Income Tax का दुरूपयोग करने से Congress डरने वाली नहीं : Minister Khachariyawas


जयपुर, 13 जुलाई: राजस्थान के परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास ने कहा है कि केन्द्र की भाजपा सरकार राजस्थान सरकार को षडयंत्रपूर्वक गिराने में असफल होने के बाद बदले की भावना से आयकर विभाग का दुरूपयोग करके राज्य के कांग्रेस के नेताओं पर आयकर छापे पड़वा रही है।

मंत्री खाचरियावास ने आज जारी बयान में आयकर के छापे मारने, ईडी, सीबीआई का दुरूपयोग करने से कांग्रेस डरने वाली नहीं है। राजस्थान की जनता ने कांग्रेस को चुनाव में चुनकर सरकार में बिठाया है। ऐसे में भाजपा कितने भी प्रयास कर ले, भाजपा के षडयंत्रकारी मंसूबे कामयाब नहीं होंगे।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश, कर्नाटक, गुजरात, गोवा, अरूणाचल प्रदेश, मणिपुर में पहले भाजपा पैसे के दम पर षडयत्रंपूर्वक कांग्रेस सरकार को नुकसान पहुंचा चुकी है। राजस्थान स्वाभिमानी राज्य है, ये वीरों की धरती है, यहां का प्रत्येक व्यक्ति कुर्सी और पैसे से ज्यादा स्वाभिमान और विश्वसनीयता पर भरोसा करता है।

मंत्री खाचरियावास ने कहा कि भाजपा के मंसूबे किसी भी कीमत पर पूरे नहीं होंगे और कांग्रेस सरकार अपना बहुमत पूरी तरह से साबित करेगी। कांग्रेस के जो विधायक और नेता अब तक कैम्प में नहीं पहुंचे हैं उनसे भी बातचीत चल रही है, वो भी जल्द ही कैम्प में पहुंच जायेंगे। इस वक्त कांग्रेस के पास पूर्ण बहुमत है और राजस्थान में कांग्रेस सरकार को किसी तरह का खतरा नहीं हैं। हम पांच वर्ष तक जनता की सेवा करेंगे, जन भावनाओं का अपमान करके चोर दरवाजे से सरकार को हथियाने का भाजपा का षडयंत्र पूरा नहीं होने दिया जायेगा।